- नए सत्र की कक्षाएं 17 जुलाई से होंगी शुरू, मिड-सेमेस्टर परीक्षाओं की तिथियां भी घोषित
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। जामिया मिल्लिया इस्लामिया के फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीटेक, एमटेक, एमएससी और बीएससी पाठ्यक्रमों का अकादमिक कैलेंडर जारी कर दिया है। विश्वविद्यालय 16 जुलाई 2026 को खुलेगा, जबकि विभागों में पंजीकरण प्रक्रिया 16 से 20 जुलाई तक चलेगी। नए सत्र की कक्षाएं 17 जुलाई से शुरू होंगी। विषम (ऑड) सेमेस्टर में पहली मिड-सेमेस्टर परीक्षा 14 से 18 सितंबर और दूसरी मिड-सेमेस्टर परीक्षा 2 से 6 नवंबर 2026 के बीच आयोजित की जाएगी। शिक्षण कार्य 20 नवंबर को समाप्त होगा, जबकि अंतिम सेमेस्टर परीक्षाएं 27 नवंबर से शुरू होंगी। उत्तर पुस्तिकाएं जमा करने की अंतिम तिथि 21 दिसंबर निर्धारित की गई है। शीतकालीन अवकाश 25 दिसंबर 2026 से 12 जनवरी 2027 तक रहेगा। सम (ईवन) सेमेस्टर के लिए विश्वविद्यालय 13 जनवरी 2027 को खुलेगा और कक्षाएं 14 जनवरी से शुरू होंगी। पहली मिड-सेमेस्टर परीक्षा 1 से 5 मार्च तथा दूसरी 12 से 16 अप्रैल के बीच होगी। शिक्षण कार्य 30 अप्रैल को समाप्त होगा और अंतिम परीक्षाएं 7 मई से शुरू होंगी। ग्रीष्मकालीन अवकाश 25 मई से 15 जुलाई 2027 तक रहेगा। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि एमटेक और पीएचडी शोधार्थियों पर अवकाश लागू नहीं होगा और उनका शोध कार्य नियमित रूप से जारी रहेगा।