नई दिल्ली। जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने छात्रों को राहत देते हुए डॉ. जाकिर हुसैन लाइब्रेरी के सभी रीडिंग हॉल दोबारा खोलने का फैसला किया है। जामिया की ओर से सोमवार को जारी सूचना के अनुसार लाइब्रेरी की नई इमारत में सभी रीडिंग हॉल और रिसर्च रूम मंगलवार से छात्रों के लिए खुल जाएंगे। साथ ही पुरानी लाइब्रेरी इमारत स्थित इब्ने सीना हॉल भी दोबारा खोला जाएगा। इस संबंध में जामिया के पुस्तकालयाध्यक्ष ने सूचना जारी की है। दस नवंबर से ऑफलाइन मोड में कक्षाएं संचालित होंगी। साथ ही दूसरे मिड-टर्म की परीक्षाएं भी अब ऑनलाइन के बजाय ऑफलाइन मोड में आयोजित होंगी। यह परीक्षाएं 16 से 21 नवंबर तक चलेंगी। ब्यूरो