अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली परिवहन विभाग ने जयपुर में हुए एक सड़क हादसे के आरोपी का ड्राइविंग लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह सड़क हादसा जयपुर (पश्चिम) के भांकरोटा थाना क्षेत्र में हुआ था। यह एक सिंगल फेटल एक्सीडेंट का मामला था। जयपुर पुलिस के सहायक पुलिस आयुक्त ने इस घटना के संबंध में 26 दिसंबर 2025 को दिल्ली परिवहन विभाग को पत्र लिखकर आरोपी का लाइसेंस रद्द करने का अनुरोध किया था। हादसे के आरोपी संजय कुमार दिल्ली के लाडो सराय का रहने वाला है। घटना के वक्त वह गाड़ी चला रहा था। जयपुर पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है। जयपुर पुलिस से जानकारी मिलने के बाद, दिल्ली के डीटीओ ने संजय कुमार को नोटिस जारी किया था, लेकिन वे अपने पते पर मौजूद नहीं मिले। मामले की गंभीरता को देखते हुए, विभाग ने माना कि उनका कृत्य जनता के लिए खतरा पैदा करने वाला था। ऐसे में आरोपी को लाइसेंस सस्पेंड कर दिया गया है।