नई दिल्ली। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के बाद इस्कॉन द्वारका के सेक्टर-13 स्थित श्री श्री रुक्मिणी द्वारकाधीश मंदिर में राधाष्टमी उत्सव के तहत कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें फूलों और गुब्बारों से सजी नौका में भगवान श्री श्री रुक्मिणी द्वारकाधीश को विराजमान कराए जाने का कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहा। भक्तों ने भगवान के नौका विहार के दिव्य दर्शन किए। इस दौरान मानसी गंगा की लीला को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया गया। उत्सव की शुरुआत कीर्तन से हुई। इसके बाद भगवान का विशेष स्वागत किया गया। महाभिषेक, भोग अर्पण, विशेष आरती और महाआरती का भी आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं ने राधा-कृष्ण की भक्ति में भाग लिया और प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर परिसर में सजी नौका के साथ बनाए गए विशेष सेल्फी प्वाइंट पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही। ब्यूरो