अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के सांसद और उत्तर प्रदेश के प्रभारी संजय सिंह ने दिल्ली विधानसभा से जुड़ी फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जांच में साफ साबित हो गया है कि नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने ‘गुरु’ शब्द का इस्तेमाल नहीं किया। झूठा वीडियो साझा करने के लिए भाजपा मंत्री कपिल मिश्रा पर कार्रवाई होनी चाहिए। संजय सिंह ने शनिवार को कहा कि इस मामले में दो फॉरेंसिक रिपोर्ट सामने आ चुकी हैं। एक पंजाब की और दूसरी भाजपा की ओर से जारी की गई। दोनों रिपोर्टों में स्पष्ट है कि आतिशी ने ‘गुरु’ शब्द का प्रयोग नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि जानबूझकर दुष्प्रचार और नफरत फैलाने के उद्देश्य से कपिल मिश्रा द्वारा झूठा वीडियो डाला गया। संजय सिंह ने कहा कि कपिल मिश्रा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।