- आनंद विहार बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन से यात्रियों का फोन चुराकर पश्चिम बंगाल भेजने वाला गिरोह बेनकाब
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। आनंद विहार थाना पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय मोबाइल चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने जेजे कैंप इलाके में छापेमार कर एक महिला को गिरफ्तार किया। उसके घर से 43 चोरी के मोबाइल फोन बरामद हुए। यह गिरोह आनंद विहार बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के फोन चुराता था। चोरी के मोबाइलों को पश्चिम बंगाल भेजकर ऊंचे दामों पर बेचा जाता था। डीसीपी राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि 8 अक्तूबर को दर्ज ई-एफआईआर की जांच से यह खुलासा हुआ। पूछताछ में गिरफ्तार रेशमा (27) ने बताया कि वह पति मोहम्मद तौफीक, भाई असलम और बच्चों के साथ चोरी करती थी। पुलिस अब बरामद फोन के मालिकों की पहचान कर रही है। गिरोह के फरार सदस्यों की तलाश भी जारी है।