नई दिल्ली (संवाद)। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आईजीएनसीए) की ओर से 14 से 16 अक्टूबर तक विज्ञान भवन में ‘विश्व भर में भारत के सांस्कृतिक संबंध’ विषय पर तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से होने वाले इस सम्मेलन का उद्घाटन केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विशेष वीडियो संदेश के माध्यम से संबोधित करेंगे। सम्मेलन में 50 देशों के विद्वान, शोधकर्ता, राजनयिक और सांस्कृतिक विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे। इसमें भारत और विश्व के बीच ऐतिहासिक सांस्कृतिक संबंधों, ज्ञान के आदान-प्रदान और सभ्यतागत संपर्कों पर चर्चा होगी। सम्मेलन के दौरान ‘एशिया की साझा सांस्कृतिक विरासत’ विषय पर प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।