संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली।
पूर्वी दिल्ली में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड ने अंतरराज्यीय ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। कब्जे से लगभग 22 किलोग्राम गांजा और 46 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, 11-12 मार्च की रात गुप्त सूचना मिली थी कि दो तस्कर स्कूटी से गांजा लेकर एनएच-24 स्थित खिचड़ीपुर बस स्टैंड के पास से गुजरेंगे। सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड ने जाल बिछाकर गाजियाबाद निवासी फिरोज खान (41) और अकबर (36) को दबोच लिया। तलाशी में उनके बैग से भारी मात्रा में गांजा और स्मैक बरामद हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी दिल्ली-एनसीआर में नशे की सप्लाई करते थे। इनमें से एक आरोपी पहले भी कई मामलों में गिरफ्तार हो चुका है। पुलिस अब इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।