अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन (नीमा) के नए नीमा भवन का पश्चिम पटेल नगर स्थित 30/23 पते पर एक समारोह के साथ शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से आए नीमा के पदाधिकारियों और सदस्यों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम को राष्ट्रीय स्तर की गरिमा प्राप्त हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता नीमा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आशुतोष एस कुलकर्णी ने की। मुख्य अतिथि के रूप में बोर्ड ऑफ एथिक्स एवं रजिस्ट्रेशन, एनसीआईएसएम के अध्यक्ष डॉ. सुश्रुत कनौजिया और डीबीसीपी के रजिस्ट्रार डॉ. रघुराम अय्यागरि सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। उद्घाटन के साथ ही ऑल स्टेट्स नीमा पीएसटी मीट का आयोजन भी किया गया, जिसमें विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। बैठक के दौरान संगठन की गतिविधियों, चिकित्सा क्षेत्र की वर्तमान चुनौतियों और भविष्य की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।