अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
दिल्ली हाईकोर्ट ने बुधवार को सनी देओल अभिनीत आगामी हिंदी फिल्म सूर्या: अंत से आरंभ तक की रिलीज पर रोक लगाने की मांग वाली एक जनहित याचिका (पीआईएल) पर विचार करने से इनकार कर दिया है, जिसे 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होना है। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नितिन वासुदेव सांबरे और न्यायमूर्ति संजय शर्मा की पीठ ने कहा कि अदालत इस जनहित याचिका पर विचार करने के इच्छुक नहीं है क्योंकि यह मुद्दा डॉक्टर समुदाय द्वारा पहले ही एक अन्य रिट याचिका में उठाया जा चुका है, जो एकल न्यायाधीश के समक्ष लंबित है। 2 नवंबर को, एकल न्यायाधीश ने अधिकारियों को नोटिस जारी कर उस याचिका पर जवाब देने को कहा था, जिसमें आरोप लगाया गया था कि फिल्म निजी अस्पतालों के डॉक्टरों को भ्रष्ट चित्रित करती है और स्वास्थ्य पेशेवरों के खिलाफ हिंसा को प्रोत्साहित करती है। इस पर 16 नवंबर को सुनवाई होनी है।