अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाताओं की मदद के लिए सभी जिलों में हेल्पडेस्क की व्यवस्था की गई है। मतदाता सूची से जुड़ी किसी भी शिकायत या नए मतदाता के रूप में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 भरने में सहायता लेने के लिए लोग जिला निर्वाचन अधिकारी और विधानसभा स्तर पर निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा 1950 हेल्पलाइन नंबर पर भी सहायता ली जा सकती है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, दिल्ली और भारत निर्वाचन आयोग ने अभियान का उद्देश्य किसी भी पात्र मतदाता को मतदाता सूची से बाहर नहीं रहने देना बताया है। इसके लिए दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे मसौदा मतदाता सूची में अपना नाम जांच लें। सूची में नाम नहीं होने या किसी अन्य त्रुटि की स्थिति में 30 अक्तूबर 2026 तक दावा या आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। निर्वाचन विभाग के अनुसार, एसआईआर अभियान को प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए दिल्ली के 13 जिला निर्वाचन अधिकारियों, 70 निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों, 902 सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों, 1,313 बीएलओ सुपरवाइजर और 14,947 बूथ लेवल अधिकारियों की तैनाती की गई है। विभाग ने कहा है कि पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल करने के उद्देश्य से सक्रिय अभियान आगे भी जारी रहेगा।