कोरोना संक्रमण को मात दे चुके कई युवाओं को बाल झड़ने की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह वायरस शरीर के अंदरूनी और बाहरी दोनों हिस्सों को प्रभावित कर रहा है। एम्स नई दिल्ली के त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. निखिल मेहता का कहना है कि खानपान ठीक करने और जीवन शैली में कुछ बदलाव से इस समस्या से निजात मिल सकती है। डॉ. निखिल का कहना है कि कोरोना के कारण लोग शारीरिक और मानसिक दोनों तरीके से परेशान हैं। वायरस शरीर के सभी अंगों को प्रभावित कर रहा है। तनाव में आने के कारण युवाओं के बाल झड़ रहे हैं। लंबे समय तक बीमार रहे लोगों में ऐसे लक्षण ज्यादा दिख रहे हैं।
खानपान का रखें खास ख्याल
डॉक्टर के मुताबिक, ठीक होने के कुछ महीने बाद यह दिक्कत खुद ही ठीक होने लगती है, लेकिन इस बात का ध्यान रखना जरूरी है कि रोजाना खानपान का खास ख्याल रखें। डाइट में प्रोटीन, विटामिन प्रमुख रूप से होने चाहिए। कोशिश करें कि सोने व जगने का समय निर्धारित करें। किसी भी तरीके का तनाव न लें। अगर सभी प्रयासों के बाद गिरते बालों की स्थिति नहीं सुधरती तो डॉक्टर से परामर्श लें।
6 से 8 माह का लग सकता है समय
लोगों को बाल झड़ने को लेकर सचेत रहना चाहिए, लेकिन घबराना नहीं चाहिए। यह एक अस्थाई समस्या है। अगर सही जीवनशैली का पालन करेंगे तो 6 से 8 महीने में पहले जैसे बाल आने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
ऐसे करें देखभाल
डॉक्टर के अनुसार, बाहर निकलते समय धूप में सिर को ढंक लें। इससे आपके बाल सूरज की हानिकारक किरणों और प्रदूषण से बचे रहेंगे। बालों पर बार-बार हाथ न फेरें। उनमें तेल लगाएं और रोजाना कंघी करें।