सोहना। कस्बे के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित युवा संसद में यूजीसी का मुद्दा जोरशोर से गूंजा। विपक्ष के तीखे सवालों ने सत्ता पक्ष को घेरने की काफी कोशिश की। इस दौरान संसद कार्यक्रम में नशाखोरी और जातिवाद के मुद्दों पर भी चर्चा की गई। शुक्रवार को कस्बे के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में कमिश्नर स्तर पर युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। यह संसद करीब 50 मिनट तक चली। संसद में सोहना कन्या विद्यालय की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या चित्रा ने बताया कि छात्राओं ने युवा संसद कार्यक्रम में जिला स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया। अब कमिश्नर स्तर पर भी अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने उम्मीद जताई है कि उनके विद्यालय की छात्राएं प्रदेश स्तर पर जरूर पहुंचेंगी। संवाद