पूर्व विदेशी सचिव और राजदूत व्याख्यान देने के लिए गुरुग्राम विवि पहुंचे
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जी-20 से जुड़ाव के लिए सोमवार को गुरुग्राम विश्वविद्यालय (विवि) में पूर्व विदेश सचिव और राजदूत ने व्याख्यान दिया। उन्होंने युवाओं से संवाद कर उन्हें जी-20 का महत्व, आर्थिक व वैश्विक चुनौतियों के व्यवहारिक ज्ञान की जानकारी दी। साथ ही उन्हें भारत के वैश्विक महत्व में भूमिका निभाने के लिए भी प्रेरित किया।
व्याख्यान का आयोजन विदेश मंत्रालय और आरआईएस के सहयोग से किया गया। व्याख्यान के लिए मौके पर विदेश मंत्रालय के पूर्व सचिव विकास स्वरूप मुख्य अतिथि रहे। साथ ही पूर्व राजदूत अचल मल्होत्रा मौजूद रहे। आईआईटी दिल्ली के प्रोफेसर विवेक कुमार विशिष्ट अतिथि रहे। व्याख्यान शृंखला की शुरुआत अचल मल्होत्रा ने की। मल्होत्रा ने बताया कि पूरे देश में सौ विवि में जी-20 कनेक्ट व्याख्यान आयोजित किया जा रहा है। अब तक लगभग 80 विवि में व्याख्यान आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि सूचना और ज्ञान मिलकर बौद्धिक स्तर का निर्माण करते हैं। युवाओं को सूचनाओं के प्रति सजग रहकर अपने बौद्धिक स्तर को बढ़ाने के लिए काम करना चाहिए। मुख्य अतिथि विकास स्वरूप ने जी 20 देशों की 18वीं बैठक की भारतीय अध्यक्षता पर अपने विचारों से छात्रों को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि भारत की अध्यक्षता में जी 20 नए लक्ष्यों की ओर बढ़ा है।
विवि के कुलपति प्रो. दिनेश कुमार ने संस्थान को यूनिवर्सिटी कनेक्ट की मेजबानी के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि छात्रों को जी-20 सम्मेलन के बारे में जागरूक करना हमारी जिम्मेदारी है ।कार्यक्रम आयोजन समिति की अध्यक्ष प्रो. नीरा वर्मा और सचिव प्रो. राकेश योगी ने इस संवाद की भूमिका रखी । प्रो मीनाक्षी श्योराण ने कार्यक्रम का सफल संयोजन किया। आरआईएस के सुकृत जोशी ने विवि का आभार व्यक्त किया।