गुप्तांग पर चोट लगने के कारण हुई मौत, पुलिस ने केस दर्ज किया
संवाद न्यूज एजेंसी
पटौदी। पटौदी थाना क्षेत्र के गांव लोकरी में रविवार दोपहर को शराब पी रहे चार लोगों का किसी बात को लेकर आपस में झगड़ा हो गया। इस झगड़े में एक 47 वर्षीय व्यक्ति की मारपीट के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने केस दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार रविवार को दोपहर करीब 1.30 बजे लोकरी पटौदी के शराब ठेके के पास चार व्यक्ति शराब पी रहे थे। जिनमें लालचंद, तेजपाल, समुंदर निवासी गांव लोकरी व बाबूलाल निवासी दरापुर शामिल थे। जिनमें से लालचंद से तीनों का झगड़ा हो गया और मारपीट शुरू हो गई। इस मारपीट में लालचंद को नाजुक अंगों पर चोट लग गई, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुरुग्राम भेज दिया। परिजनों ने बताया कि मारपीट के दौरान गुप्तांग पर चोट लगने के कारण लालचंद की मौत हो गई थी। आसपास के लोगों ने बताया कि यह चारों लोग आपस में दारू पीते रहते थे। पुलिस ने केस दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और कार्रवाई शुरू कर दी।