सोसाइटी के फ्लैट में आग लगने से जिंदा जला युवक
सेक्टर-59 स्थित टाटा रायसीना रेजिडेंसी सोसाइटी में हुई घटना
पत्नी-बच्चे सुरक्षित निकल आए, दमकल की तीन गाड़ियों ने पाया काबू
संवाद न्यूज एजेंसी
बादशाहपुर। सेक्टर-59 स्थित टाटा रायसीना रेजिडेंसी सोसाइटी के फ्लैट में आग लगने से एक व्यक्ति जिंदा जल गया, जबकि घर में मौजूद पत्नी और बच्चे सुरक्षित निकल आए। सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है।
झारखंड मूल का मतिज मिज परिवार के साथ ईडब्ल्यूएस फ्लैट की पांचवीं मंजिल पर रहता था। वह ड्राइवरी करता था। करीब तीन महीने से नौकरी छोड़कर घर बैठा हुआ था, जबकि पत्नी उर्मिला सोसाइटी में ही घरों में काम करती थी। बृहस्पतिवार दोपहर मतिज के बच्चे छत पर पढ़ाई कर रहे थे जबकि उर्मिला और वह कमरे में थे। इस दौरान अचानक आग लग गई। धुएं की वजह से मतिज बेहोश होकर गिर गया और आग की चपेट में आ गया, जबकि पत्नी और बच्चे सुरक्षित बाहर निकल आए। सहायक फायर सेफ्टी ऑफिसर राजेश कुमार ने कहा कि सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। इस दौरान में एक व्यक्ति लपटों में घिरा हुआ है लेकिन जब तक आग बुझाई जाती तब तक वह पूरी तरह जल चुका है।