गुरुग्राम। आर्य केंद्रीय सभा गुरुग्राम एवं आर्य समाज सेक्टर-7 एक्सटेंशन के तत्वावधान में वेदों के विद्वान गुरु विरजानंद दंडी की पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में यज्ञ एवं भजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दिल्ली से आए पंडित देव आर्य ने मधुर भजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को प्रभु भक्ति, आर्य समाज और स्वामी विरजानंद के जीवन से जुड़े भजन सुनाकर आनंदित किया। परोपकारिणी सभा अजमेर के मंत्री कन्हैया लाल आर्य ने बताया कि छोटी सी कुटिया में रहने वाले स्वामी विरजानंद के पास वर्ष 1860 में स्वामी दयानंद सत्य की खोज में मथुरा पहुंचे थे। गुरु विरजानंद से तीन वर्ष की शिक्षा पूरी करने के बाद गुरु दक्षिणा में उन्होंने स्वामी दयानंद से कहा था कि वे वेदों के सत्य ज्ञान का प्रचार करें और पाखंड व अंधविश्वास को दूर करें। संवाद