कल से एक हिस्से का यातायात किया जा सकता है बंद, पिलर पर रखे जाएंगे गर्डर
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। महावीर चौक एलिवेटेड वॉकवे के पिलर्स के एक हिस्से पर दो दिन बाद गर्डर रखे जाएंगे। इसके लिए दो दिन यातायात का मार्ग परिवर्तित किया जाएगा। यहां पर अब तक बेहद धीमी गति से निर्माण कार्य हो रहा था क्योंकि गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (जीएमडीए) की फाइबर लाइन की वजह से बाधा पैदा हो रही थी।
महावीर चौक के वॉकवे के काम में अन्य यूटिलिटी भी यहां पर बाधक बन रही थीं। अब लोक निर्माण विभाग ने यहां पर वॉकवे के पिलर खड़े कर लिए हैं। इन पर गर्डर रखने का काम चल रहा है। पुलिस लाइन की ओर से डिवाइडर तक के हिस्से पर सिंगल गर्डर रखे जा चुके हैं। डिवाइडर से बस स्टैंड की ओर वाले पिलर पर गार्डर रखने का काम किया जाएगा। इसी के साथ विभाग का मानना है कि अगले वर्ष की शुरुआत में इसको शुरू कर दिया जाएगा। महावीर चौक का यह वॉकवे प्रदेश का पहला एलिवेटेड वॉक-वे होगा।
317 मीटर लंबे वॉक-वे के निर्माण पर 24 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। वॉक-वे के निर्माण की जिम्मेदारी जीएमडीए ने पीडब्ल्यूडी को सौंपी है। वॉक-वे का निर्माण मार्च 2021 में पूरा करना था, लेकिन कोविड और प्रदूषण के कारण लगी पाबंदियों से ऐसा संभव नहीं हो पाया।
पांच प्रवेश और निकासी के मार्ग होंगे
एलिवेटेड वॉकवे के पांच प्रवेश व निकासी मार्ग होंगे। इसमें लोगों को पैदल नहीं चलना होगा। इसमें तीन ओर लिफ्ट जबकि एक तरफ स्वचालित सीढि़या होंगी। पांचवें किनारे पर लिफ्ट व स्वचालित सीढ़ी का प्रावधान किया गया है।
पहला रास्ता- बस अड्डा रोड
दूसरा रास्ता -पुरानी दिल्ली रोड
तीसरा रास्ता - एमजी रोड, पुलिस लाइन गेट व पुलिस लाइन गेट के सामने पीएनबी बैंक के पास होगा।
चौथा रास्ता - पीएनबी बैंक और पुलिस लाइन की तरफ लिफ्ट और स्वचालित सीढि़यां लगेंगी।
पांचवां रास्ता- कमान सराय की ओर वाले सड़क के हिस्से पर
-
गर्डर रखने के काम के चलते 16 सितंबर से वहां यातायात को रोकने की तैयारी है। अब तक जीएमडीए की फाइबर लाइनों की वजह से कुछ रुकावट आ रही थी। अब तेजी से काम हो रहा है। -चरनदीप, अधीक्षण अभियंता, लोक निर्माण विभाग