गुरुग्राम। सेक्टर-29 थाना क्षेत्र में एक जनवरी की रात को इफको चौक के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में पहुंचाया। मृतका की पहचान नहीं हुई। ऐसे में पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में मृत महिला के बारे में जानकारी जुटाई। मृतका की पहचान बिहार के आरा निवासी रतना (35) के रूप में हुई है। वह कबाड़ बीनने का काम करती थी और पास की झुग्गी में रहती थी। मृत महिला की पहचान होने के बाद मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। जांच अधिकारी एएसआई गिरीराज ने बताया कि रतना (मृतका) को टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। वाहन की पहचान होने पर चालक को गिरफ्तार करके आगामी कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो