गुरुग्राम के बादशाहपुर सोसाइटी में गार्ड के साथ मारपीट करने के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे। नोएडा से प्रकाश में आए मामले अब जिले में भी देखे जा रहे है। सेक्टर-69 ट्यूलिप वॉयलेट में बुधवार दोपहर को सोसाइटी निवासी महिला ने सुरक्षाकर्मी महिला के साथ झगड़ा कर दिया। झगड़ा इतना बढ़ा कि महिला ने एक डंडे से उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। सुरक्षाकर्मी महिला को सोसाइटी निवासी और अन्य सुरक्षाकर्मियों ने किसी तरह बचाया। सोसाइटी निवासियों ने इसकी शिकायत पुलिस को भी दी।
ट्यूलिप वॉयलेट के प्रधान आरके यादव ने बताया कि महिला पहले भी सोसाइटी में कई बार हंगामा कर चुकी है। इससे पहले आरोपी महिला ने घर में काम करने वाली महिला पर चोरी का आरोप लगाकर झगड़ा किया था। इस मामले की शिकायत पुलिस को दी तो आरोपी महिला ने सुरक्षाकर्मी की कंपनी के वरिष्ठ प्रबंधक को भी झूठे केस में फंसाने की धमकी देने लगी। बादशाहपुर थाना प्रभारी मदन लाल ने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद पीड़िता की मेडिकल जांच कराई गई थी। मामले की जांच जारी है।