गुरुग्राम। सदर थाना क्षेत्र में एटीएम बूथ से रुपये निकालने गए युवक का डेबिट कार्ड बदल 26 हजार 700 रुपये निकालने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में यूपी के मैनपुरी निवासी मनोज कुमार ने कहा कि वह नाहरपुर रूपा में किराए पर रहता है। वह रुपये निकालने के लिए राजीव कॉलोनी स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम बूथ पर गया। बूथ में पहले से ही एक युवक मौजूद था। मनोज कुमार जब मशीन में कार्ड डालकर रुपये निकालने लगा तो तकनीकी समस्या के चलते रुपये नहीं निकले। वहीं मशीन की साइड में खड़ा युवक सब कुछ देख रहा था। युवक ने मनोज से कहा कि मोबाइल अपडेट नहीं होने के चलते रुपये नहीं निकल रहे हैं। युवक ने उसे बातों में उलझाया और डेबिट कार्ड बदलकर चला गया। जिसके बाद मनोज अपनी डयूटी पर चला गया तो उसके मोबाइल पर 26 हजार 700 रुपये निकाले जाने का मैसेज आता है। मनोज ने अपना डेबिट कार्ड देखा तो वह बदला हुआ मिला। आरोपी युवक ने बूथ में ही उसका पिन कोड देख लिया था। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।