गुरुग्राम। एसआईएएसटीई में शीतकालीन अवकाश की घोषणा कर दी गई है। संस्थान प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, 27 दिसंबर से 5 जनवरी तक संस्थान में शीतकालीन अवकाश रहेगा। इस अवधि के दौरान सभी शैक्षणिक गतिविधियां पूर्ण रूप से स्थगित रहेंगी और नियमित कक्षाएं संचालित नहीं की जाएंगी। अवकाश के समय केवल आवश्यक और अत्यावश्यक प्रशासनिक कार्य ही सीमित स्तर पर किए जाएंगे, ताकि संस्थान के कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए। प्रशासन ने विद्यार्थियों को अवकाश का सदुपयोग करने की सलाह दी है। जानकारी के अनुसार एसआईएएसटीई के विद्यार्थियों के प्रैक्टिकल 20 जनवरी से पहले आयोजित किए जाने हैं। हालांकि, अभी प्रैक्टिकल की तिथियां अंतिम रूप से तय नहीं की गई हैं, लेकिन जल्द ही इसकी सूचना जारी की जाएगी। एसआईएएसटीई के प्रभारी डाॅ. राकेश श्योराण ने विद्यार्थियों से आग्रह किया है कि वे अवकाश के दौरान अपनी प्रैक्टिकल की तैयारी पूरी कर लें, ताकि प्रैक्टिकल और आगे की शैक्षणिक गतिविधियां समय पर और सुचारू रूप से संपन्न कराई जा सकें। उनका कहना है कि इससे शैक्षणिक सत्र को बिना किसी व्यवधान के आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। संवाद