गुरुग्राम। शहर के विभिन्न हिस्सों में विश्व पृथ्वी दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसमें लोगों ने विभिन्न तरह से पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर बच्चों और युवाओं को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सतत जीवनशैली के प्रति जागरूक और प्रेरित करना रहा। सेक्टर-56 में नगर निगम गुरुग्राम और आईएम गुड़गांव के संयुक्त तत्वावधान में समाधान हब का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वार्ड नंबर-21 की पार्षद सोनिया यादव और वार्ड नंबर-22 के पार्षद विकास यादव उपस्थित रहे। इस दौरान विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वहीं, सोहना के राजकीय मॉडल संस्कृति उच्च माध्यमिक विद्यालय में भी एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यालय के शिक्षकों के अलावा वन विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। वन विभाग के डिप्टी रेंजर खजान सिंह ने वन व पानी को संरक्षित किए जाने के बारे में विस्तारपूर्वक बताया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य राजबाला, एनसीसी अधिकारी सुनील, संदीप एडवोकेट, राहुल, नवीन, कुलदीप, कर्मवीर, कपिल आदि मौजूद रहे। संवाद