गुरुग्राम। आज से अगले 24 घंटे आधे शहर में पानी की आपूर्ति नहीं होगी। पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार, जीएमडीए बसई ट्रीटमेंट प्लांट से आ रही पानी की मुख्य सप्लाई लाइन को शिफ्ट करेगा। इसी कारण से आपूर्ति 24 घंटे बंद रखी जाएगी। पटौदी रोड स्थित उमंग भारद्वाज चौक से नॉर्दन पेरिफेरल रोड ( एनपीआर) तक सड़क निर्माण किया जा रहा है। इसी स्थान पर 1200 एमएम की मेन लाइन है जो बसई ट्रीटमेंट प्लांट से आ रही है। जीएमडीए ने पहले ही 22 अगस्त सोमवार सुबह आठ बजे से मंगलवार 23 अगस्त सुबह आठ बजे तक आधे से ज्यादा शहर में पानी की आपूर्ति नहीं होने की घोषणा कर रखी है। पूरे 24 घंटे तक पानी की आपूर्ति प्रभावित रहेगी। जीएमडीए पहले ही पानी की सप्लाई बंद करने को लेकर एडवाइजरी जारी कर चुका है और लोगों को पानी को सहूलियत के अनुसार प्रयोग करने की सलाह दी गई है। जीएमडीए के अधिकारियों की ओर से लोगों को पानी स्टोर करने की सलाह दी गई है।
----
इन क्षे़त्रों में बाधित रहेगी जलापूर्ति
सोमवार सुबह आठ बजे से अगले 24 घंटों तक सेक्टर 4, 5, 6, 7, 7 एक्सटेंशन, 9, 9 ए, 12, 12 ए, सेक्टर 14 (ओल्ड डीएलएफ कॉलोनी), 17, 17 ए, 18, 21, 22, 23, 23ए में पानी की आपूर्ति नहीं होगी। इसके अलावा गुड़गांव गांव, दयांनद कॉलोनी, राजीव नगर, पालम विहार, शीतला कॉलोनी, धर्म कॉलोनी, अशोक विहार फेज-एक और दो, चौमा गांव, डूडाहेडा, कार्टरपुर, मोलाहेड़ा, मारुति उद्योग और एचएसआईआईडीसी के आसपास के अन्य क्षेत्रों में 24 घंटे के लिए पूरी तरह बंद रहेगी।
----
डिमांड के अनुसार टैंकर भेजेगा निगम
इस बीच नगर निगम ने लोगों को परेशानी से बचाने के लिए टैंकरों की व्यवस्था की है। निगम के अधिकारियों के अनुसार अगर कहीं से डिमांड आती है तो तत्काल टैंकर भिजवाया जाएगा। निगम के सहायक अभियंता (डिवीजन-7) प्रेम सिंह ने कहा कि निगम की ओर से किसी तरह की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। वैसे 24 घंटे का समय ज्यादा नहीं है, इतना पानी तो अमूमन लोग स्टोर रखते हैं। फिर भी कहीं दिक्कत आती है तो सूचना पर टैंकर भिजवाएंगे।
-----------