-12 से 14 मिनट तक काफी कम प्रेशर से आ रहा है पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। डीएलएफ फेज-3 के कई हिस्साें में लोग जल संकट से जूझ रहे हैं। इलाके में बहुत कम पानी की आपूर्ति हो रही है। लोगों की शिकायत है कि यहां पानी का प्रेशर बहुत कम रहता है। बामुश्किल 12 से 14 मिनट ही पानी की आपूर्ति होती है। डीएलएफ फेज -3 में जनसंख्या का दबाव पिछले सालों के दौरान बढ़ा है। जबकि उस हिसाब से पानी की आपूर्ति नहीं बढ़ाई गई है।
इस प्लॉटेड कॉलोनी में अधिसंख्य घर अब चार मंजिले हो गए हैं। इलाके के आरडब्ल्यूए प्रतिनिधि नवीन रंगेरा ने बताया कि वी-11 और वी-32-33 ब्लॉक में ज्यादा परेशानी आ रही है। इन इलाकों में लोगों को बहुत ही कम पानी मिल रहा है। वी-32 ब्लॉक के निवासी राजीव मोहन और वी-11 के निवासी संजीव गर्ग ने बताया कि हर हफ्ते में एक दो दिन टैंकर मंगाने पड़ रहे हैं। यह स्थिति पिछले तीन महीने से बनी हुई है। निवासियों ने नगर निगम और जीएमडीए से गुहार लगाई है कि इलाके में पर्याप्त जलापूर्ति की व्यवस्था की जाए।