फर्रुखनगर। फर्रुखनगर थाना क्षेत्र में कार सवार युवकों ने वेयरहाउस के केयरटेकर का अपहरण कर लिया। पुलिस मामला दर्ज कर एक टीम का गठन कर केयरटेकर की तलाश में जुट गई है। पुलिस के अनुसार खेड़ाखुर्रमपुर गांव के जयवीर ने शिकायत में कहा कि वह निजी कंपनी की गाड़ी चलाता है। बीती 2 जुलाई की रात करीब आठ बजे वह कंपनी के वेयरहाउस पहुंचा। जहां वह वेयरहाउस के केयरटेकर जीवन लाल के साथ बैठ गया। जीवन लाल वेयरहाउस के मुख्य गेट पर खड़ा होकर फोन पर बात कर रहा था। इसी बीच सफेद रंग की एक गाड़ी वहां रुकी, जिसमें तीन युवक बैठे थे। एक युवक गाड़ी से उतरा और पूछा कि जीवन लाल कौन है। जब जीवन लाल ने बताया कि वहीं जीवन लाल है तो युवक उसे गेट से बाहर ले गया और जबरन गाड़ी में बैठा लिया। जयवीर को माजरा ठीक नहीं लगा तो वह गाड़ी को पास पहुंचा और जीवन लाल को बाहर खींचने लगा। जिस पर गाड़ी में सवार युवकों ने उसे धक्का देकर नीचे गिरा दिया और जीवन लाल का अपहरण कर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।