जिला निर्वाचन अधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, स्कूली बच्चे, खिलाड़ी व अन्य हुए शामिल
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जिला प्रशासन की ओर से रविवार सुबह छह बजे राजीव चौक से सुभाष चौक होते हुए पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस तक वॉकथॉन का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित वॉकथाॅन में सैकड़ों की संख्या में स्कूली बच्चों, खिलाड़ियों व अन्य ने करीब 5 किलोमीटर पैदल चलते हुए मतदाता करने का संदेश दिया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने राजीव चौक व पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस परिसर में लोकतंत्र की दीवार (वॉल ऑफ डेमोक्रेसी), ईवीएम-वीवीपैट-कंट्रोल यूनिट की डमी का रिबन काटकर मतदाताओं को जागरूक करने का संदेश भी दिया। उपायुक्त ने वॉल ऑफ डेमोक्रेसी पर हस्ताक्षर कर सभी लोगों को अनिवार्य मतदान की शपथ भी दिलवाई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जिले में मतदान के प्रति उत्साह को देखते हुए इस बार मतदान प्रतिशत बढ़ने की संभावना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वोट की कीमत पहचाननी होगी तभी लोकतंत्र स्वस्थ और समृद्ध रहेगा। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा आयोजित किए जा रहे जागरूकता कार्यक्रमों में आमजन की भागीदारी का सकारात्मक प्रभाव मतदान के दौरान अवश्य दिखेगा। उन्होंने नव मतदाताओं से आह्वान किया कि लोकतंत्र में अंतिम शक्ति मतदाता के पास होती हैं। मतदान के समय हर वर्ग, अमीर, गरीब का एक एक वोट बेहद अमूल्य होता हैं, जिसका उपयोग मतदाता को निष्पक्ष होकर करना चाहिए। मतदाता को इतना विवेकशील होना चाहिए कि धर्म, जाति,धन के बहकावे में न आकर योग्य प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करें।
25 मई को मतदान करने के लिए प्रेरित करें
स्वीप कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं एडीसी हितेश कुमार मीणा ने भी लोकतंत्र की दीवार पर हस्ताक्षर करते हुए नव मतदाताओं को कैप और मग वितरित किए। इस दौरान उन्होंने भी नव मतदाताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में देश का भविष्य जनता के हाथ में होता है और मतदान इसमें महत्वपूर्ण भूमिका अदा करता हैं। लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाने के लिए देश के हर नागरिक का कर्तव्य है कि अपने मताधिकार का प्रयोग करे । उन्होंने सभी नव मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि सभी एक जिम्मेदार नागरिक का फर्ज निभाते हुए अपने आसपास के सभी मतदाताओं को 25 मई को मतदान करने के लिए प्रेरित करे। एडीसी ने बताया कि प्रशासन की ओर से मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिले में निरंतर गतिविधियां आयोजित की जा रही है।
बता दें कि जिला प्रशासन की ओर से मतदाता जागरूकता पहल के तहत जिले में सौ स्थानों पर लोकतंत्र की दीवार स्थापित की जा रही हैं। जिन पर हस्ताक्षर करने वाले सभी नागरिक चुनावी प्रक्रिया में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने वाले को प्रेरित करेंगे। इस अवसर पर सीएसआर ट्रस्ट के एडिशनल सीईओ गौरव सिंह, जिला खेल अधिकारी रामनिवास सहित अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।