संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। बीएस-4 डीजल बसों का चंडीगढ़ रूट पर संचालन बंद होने के बाद वॉल्वो बसें गुरुग्राम डिपो में ही खड़ी हैं। बुधवार से एक वॉल्वो बस का गुरुग्राम से जयपुर रूट पर संचालन शुरू किया जाएगा। यह बस सुबह 10 बजे गुरुग्राम डिपो से रवाना होकर शाम चार बजे जयपुर पहुंचेगी। जयपुर बस अड्डा में थोड़ी देर रुकने के बाद वापस गुरुग्राम के लिए रवाना होगी।
गुरुग्राम डिपो के महाप्रबंधक प्रदीप कुमार अहलावत ने बताया कि गुरुग्राम से जयपुर के मध्य किराया 605 रुपये तय किया गया है। इस रूट पर वॉल्वो बस का पांच जगह ठहराव किया जाएगा। इस लंबे रूट पर यात्रियों की सुविधा के लिए वॉल्वो बस का संचालन शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि शुरूआत में यात्रियों का रुझान कम होगा, लेकिन वॉल्वो बस के संचालन की जानकारी होने के बाद यात्रियों की संख्या बढ़ेगी।
मुख्य निरीक्षक (सीआई) राजबीर सिंह ने बताया कि गुरुग्राम से जयपुर के लिए चलने वाली वॉल्वो बस का धारूहेड़ा, साजापुर, बहरोड़, कोटपुतली व शाहपुरा में ठहराव होगा। वॉल्वो बस में गुरुग्राम से धारूहेड़ा तक 135 रुपये , साजापुर तक 255 रुपये, बहरोड़ तक 300 रुपये, कोटपुतली तक 360 रुपये, शाहपुरा तक 455 रुपये व जयपुर तक 605 रुपये किराया तय किया गया है। उन्होंने बताया कि बस का रोजाना गुरुग्राम से जयपुर रूट पर संचालन होगा।