बादशाहपुर। विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों ने स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव को एक पत्र लिखकर गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) की बदहाली और सुविधाओं की कमी की ओर ध्यान आकर्षित किया है। ग्रामीणों ने इस स्वास्थ्य केंद्र को अपग्रेड कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने और इसके लिए सरकारी भवन का निर्माण कराने की गुहार लगाई है। बादशाहपुर गांव की मूल आबादी लगभग 60 हजार है जो प्रवासी कामगारों को मिलाकर करीब एक लाख तक पहुंच जाती है। इसके अलावा आसपास के 12-13 गांवों के लोग भी इलाज, डिलीवरी और टीकाकरण के लिए इसी केंद्र पर निर्भर हैं। दशकों पहले खुले इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए कोई सरकारी भवन उपलब्ध नहीं था, जिसके कारण इसे एक निजी भवन में शुरू किया गया था। पत्र में उल्लेख किया गया है कि साल 2014 में तत्कालीन मुख्यमंत्री ने इस केंद्र को अपग्रेड करने और सरकारी भवन बनाने के लिए 5 करोड़ की राशि मंजूर की थी लेकिन आज तक इस पर कोई काम नहीं किया गया। बादशाहपुर के निवासियों की ओर से राजेश यादव और अन्य ग्रामीणों ने स्वास्थ्य मंत्री से अनुरोध किया है कि इस पुनीत कार्य को जल्द से जल्द पूरा किया जाए और सरकारी जमीन पर नए भवन का निर्माण कराया जाए। संवाद