मानेसर। कासन गांव की महात्मा गांधी ग्रामीण बस्ती तक पहुंचने वाला कच्चा रास्ता लंबे समय से खराब हालत में है। रास्ते में जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ होने के कारण ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में स्थिति और खराब हो जाती है। पानी जमा होने के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि रास्ते की समस्या को लेकर कई बार नगर निगम मानेसर के अधिकारियों को शिकायत दी जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक रास्ते को ठीक कराने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। एडवोकेट विनोद चौहान व राजीव बंगडवा के अनुसार, रोजाना इस रास्ते से बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं। खराब रास्ते के कारण बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी होती है। ग्रामीणों ने नगर निगम से जल्द से जल्द रास्ते को पक्का कराने और पानी निकासी की व्यवस्था करने की मांग की है। संवाद