गुरुग्राम। दिल्ली-जयपुर हाईवे की सर्विस रोड जर्जर होने से नरसिंहपुर गांव के निवासियों को परेशानी हो रही है। नरसिंहपुर निवासी रमेश कुमार ने आरोप लगाया कि हाल ही में एनएचएआई ने पुलिया की सफाई कराई थी लेकिन अभी तक सड़क पर मिट्टी होने से लोगों को परेशानी हो रही है। दोनों ओर से सर्विस रोड लंबे समय से जर्जर हालत में है। बारिश के मौसम में वाहन चालकों और गांव के लोगों को ज्यादा परेशानी हो रही है। ग्रामीण सुरेश कुमार ने बताया कि एनएचएआई की अनदेखी के कारण सर्विस लेन लंबे समय से टूटी हुई है। उनका कहना है कि एनएचएआई टोल वसूलने के बाद भी लोगों को बेहतर सुविधा उपलब्ध नहीं करा पा रही है। खेड़की दौला निवासी महाराम यादव ने बताया कि हाईवे पर ग्रिल कई जगहों पर टूटी हुई हैं। एनएचएआई के अधिकारियों के अनुसार दिल्ली-जयपुर हाईवे को जल्द ठीक कराया जाएगा। संवाद