संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। कस्बा नगीना के वार्ड नंबर तीन के झबला मोहल्ला में सफाई व्यवस्था बाधित होने की वजह से वार्ड वासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मोहल्ला के रजत जैन, हरीश शर्मा ने बताया की वार्ड नंबर तीन व दो के झबला मोहल्ला की सफाई व्यवस्था पूर्ण रूप से बाधित होने की वजह से वार्ड में गंदगी के ढेर लगे हुए हैं तथा नालियां कीचड़ व गंदगी से भरी हुई हैं। इस वजह से वार्ड में सारे दिन दुर्गंध उठती रहती है तथा मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। जिसकी वजह से बीमारियों का फैलने का खतरा भी बना रहता है। लगभग एक वर्ष से सफाई कर्मचारियों ने वार्ड में हाजिरी तक नहीं लगाई है। कई बार विभागीय अधिकारियों को समस्या के बारे में अवगत कराया गया। समस्या के समाधान की ओर ध्यान ना देने के चलते समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। रजत जैन ने बताया कि अधिकारियों के दावे लगातार खोखले साबित हो रहे हैं। दिवाली पर भी सफाई ना होना अपने आप में चिंता का विषय है। आखिर सफाई व्यवस्था क्यों ठप है। मोहल्ला वासियों की प्रशासन से मांग है की तुरंत प्रभाव से झबला मोहल्ला की नियमित रूप से सफाई की व्यवस्था करवाई जाए। जिससे की झबला मोहल्ला व वार्ड वासियों को गंदगी से निजात मिल सके। वहीं खंड एवं विकास पंचायत अधिकारी नगीना विशाल आजाद का कहना है कि समय-समय पर सफाई व्यवस्था करवाई जाती है। अगर कहीं गंदगी बनी हुई है तो सरपंच को बोलकर जल्द सफाई व्यवस्था दुरुस्त करवाई जाएगी।