उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने साधी कमान
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। विकसित भारत संकल्प यात्रा की जिले में अलग-अलग जगह से शुरुआत की गई। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत ने इसकी कमान साधी। इस दौरान 75 वर्षीय आजाद भारत को 25 वर्ष बाद विकसित बनाने के लिए युवा, किसान और परिवहन की राह से जोड़कर माननीयों ने अपनी बात जनता के बीच रखी। नई राह के लिए न केवल नई योजनाओं को घोषणा की गई बल्कि मौजूदा योजनाओं से होने वाले लाभ का लाइव डेमो भी प्रदर्शनी के माध्यम से किया गया।
बृहस्पतिवार को जिले में विकसित भारत संकल्प यात्रा की शुरुआत सोहना, पटौदी और सेक्टर 29 से की गई। सोहना के गांव अलीपुर में उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परिसर में जनता के बीच पहुंचे। इस दौरान सोहना के विधायक संजय सिंह ने ग्रामीणों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का लाइव प्रसारण सुना। इससे पहले उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने उप मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत का लक्ष्य 2047 में हासिल करने के लिए तकनीक प्रमुख माध्यम बनेगी। गांव के स्कूलों में सोलर सिस्टम आधारित पुस्तकालय, सोहना में पढ़ने वाली छात्राओं की सुविधा के लिए अलीपुर-घामड़ौज से सीधी बस सेवा आरंभ करने, गुरुग्राम-सोहना मार्ग से अलीपुर को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण, गांव घामड़ौज में मंदिर वाले तालाब को तालाब प्राधिकरण के माध्यम से अमृत सरोवर के तौर पर विकसित करने की घोषणा की। सोहना के विधायक संजय सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल का विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए आभार भी जताया।
प्रॉपर्टी कार्ड का किया वितरण
उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कार्यक्रम के दौरान स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीणों को प्रॉपर्टी कार्ड वितरित किए। साथ ही मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के तहत स्वीकृत ऋण के प्रमाण पत्र, बुजुर्गों को पेंशन के लाभार्थी प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थी प्रमाण पत्र बांटे। उन्होंने कहा कि हरियाणा के सभी गांवों को लाल डोरा मुक्त करने के लिए स्वामित्व योजना चलाई गई है। इसका लाभ अब प्रदेश के सभी गांवों में मिल रहा है।
ड्रोन का शो आकर्षण का केंद्र बना
कार्यक्रम में कृषि क्षेत्र के लिए मददगार ड्रोन का शो आकर्षण का केंद्र बना। ड्रोन की मदद से किसान आसानी से अपने खेत में उर्वरक व कीटनाशकों का छिड़काव कर सकेंगे। हर गांव में यात्रा के तहत आयोजित होने वाले शिविर के लिए जिला प्रशासन की ओर से तैयार की गई मोबाइल सीएससी भी चर्चा के केंद्र में रही। इस दौरान सूचना, जनसंपर्क, भाषा और संस्कृति विभाग, हरियाणा की भजन मंडली व ड्रामा यूनिट व स्कूली विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। भारत सरकार की मोबाइल वैन भी आयोजन स्थल पर पहुंची। इस दौरान ग्रामीणों को प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण दिखाया। हरियाणा सरकार की उपलब्धियों पर आधारित डाक्यूमेंट्री फिल्म का भी आयोजन स्थल पर प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों को विकसित भारत के संकल्प की शपथ भी दिलाई गई।
वृद्ध पेंशन के लिए चक्कर न काटें, कर्मचारी आएगा घर :
उपायुक्त
गांव अलीपुर में विभिन्न सरकारी विभागों की प्रदर्शनी में छ: पात्रों को विभिन्न योजनाओं का मौके पर ही लाभ दिया गया। जिला उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने कहा कि अब वृद्धावस्था पेंशन योजना को परिवार पहचान पत्र से जोड़ दिया गया है। व्यक्ति की आयु 60 वर्ष होते ही सामाजिक कल्याण विभाग के पास जानकारी पहुंच जाती है। ऐसे में विभाग के कर्मचारी ही आपके घर आएंगे। वृद्ध पेंशन विभाग की ओर से शुरू कर दी जाएगी।
किसान, महिला, युवा, व्यापारी और श्रमिकों के लिए लागू की योजना
सेक्टर 29 में केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह विकसित भारत-संकल्प यात्रा और जनसंवाद कार्यक्रम के सूत्रधार बने। नगर निगम गुरुग्राम के सेक्टर-29 स्थित रंगभूमि ओपन एयर थिएटर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जीएमडीए के सीईओ व नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त पीसी मीणा ने केंद्रीय राज्य मंत्री का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भारत को आजाद हुए 75 वर्ष पूरे हो गए हैं। आज का भारत आत्मनिर्भर है। अब देश एक विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर हो रहा है। आगामी 25 वर्षों में हम विकसित राष्ट्र बनेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसान, महिला, युवा, व्यापारी, श्रमिक सभी वर्गों के लिए जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं। यात्रा को सफल बनाने में जिला के पंच-सरपंच, ब्लॉक समिति सदस्य, जिला पार्षद, निगम पार्षद की खास भूमिका रहेगी। उन्होंने कार्यक्रम में पहुंचे लोगों को विकसित भारत के संकल्प की शपथ भी दिलवाई। इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री ने पीएम स्वनिधि योजना और मुख्यमंत्री स्वामित्व योजना के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र बांटे।