सोहना। कंटेनमेंट जोन से हटने के बाद सोहना की खुदरा सब्जी मंडी बुधवार सुबह से अपने पुराने स्थान अनाजमंडी में लगनी शुरू हो गई। पुराने स्थान पर मंडी लगने से थोक विक्रेताओं समेत किसानों में खुशी है। मंडी में कोरोना वायरस संक्रमण को रोकने के लिए पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। दुकानें लगाने से पहले पूरी मंडी को सैनिटाइज किया गया। मार्केट कमेटी सचिव नरेश कुमार यादव भी मंडी में भीड़ जुटने से रोकने के लिए व्यवस्था करने में लगे हैं। सचिव ने कहा कि मंडी में बिना लाइसेंस लिए सब्जी बेचने नहीं दी जाएगी। थोक सब्जीमंडी व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष उमेश जुनेजा समेत अन्य विक्रेताओं ने बताया कि कोरोना संक्रमण फैलने के कारण सोहना क्षेत्र में कंटेनमेंट व बफर जोन बनाए गए थे। ऐसे में मंडी के स्थान को खेल स्टेडियम में परिवर्तित कर दिया गया था। हालात सामान्य होने के बाद अब मंडी पुराने स्थान अनाज मंडी में लगाई जा रही है। मंडी खेल स्टेडियम में लगाए जाने के कारण थोक व खुदरा व्यापारियों को नुकसान हो रहा था। संवाद