गुरुग्राम। अहमदाबाद के वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित राष्ट्रीय कूडो फेडरेशन कप में वीर प्रताप सिंह ने कांस्य पदक हासिल किया। उन्होंने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और खेल जगत में खुशी का माहौल है। अहमदाबाद के नारणपुरा स्थित वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 12 से 19 नवंबर तक आठ दिवसीय कूडो प्रतियोगिताओं का आयोजन हो रहा है। इसमें 18वीं अक्षय कुमार अंतरराष्ट्रीय कूडो प्रतियोगिता, 17वीं राष्ट्रीय कूडो प्रतियोगिता और सातवीं कूडो फेडरेशन कप शामिल हैं। इन आयोजनों में देश-विदेश से 5400 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। वीर प्रताप सिंह का राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह अन्य खिलाड़ियों को भी खेलों में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा। संवाद