गुरुग्राम। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) की ओर से दिल्ली-गुरुग्राम-बावल नमो भारत कॉरिडोर में आने वाली यूटिलिटी शिफ्टिंग का कार्य तेजी से चल रहा है। इस पर करीब 16.09 करोड़ खर्च होंगे। एनसीआरटीसी ने सीवर, पानी और ड्रेनेज से जुड़ी यूटिलिटी शिफ्टिंग का कार्य एक एजेंसी को सौंपा है। इसके तहत हरियाणा बॉर्डर से प्रस्तावित राजीव चौक नमो भारत स्टेशन तक मौजूदा सीवर लाइन, पानी की पाइपलाइन और स्टॉर्म वाटर ड्रेन को नई जगह स्थानांतरित किया जाएगा। एजेंसी ने कॉरिडोर के विभिन्न हिस्सों में काम शुरू कर दिया है। फिलहाल राजीव चौक के पास सीवर लाइन शिफ्ट करने का कार्य जारी है। दिल्ली-गुरुग्राम-बावल नमो भारत कॉरिडोर दिल्ली के एरोसिटी से शुरू होकर उद्योग विहार होते हुए एनएच-48 के साथ गुरुग्राम के इफको चौक तक पहुंचेगा। परियोजना में 37.87 किलोमीटर भूमिगत और 67.15 किलोमीटर एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया जाएगा। एरोसिटी और साइबर सिटी स्टेशन भूमिगत होंगे, जबकि इफको चौक स्टेशन एलिवेटेड बनाया जाएगा। ब्यूरो