गुरुग्राम स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बहादुरगढ़ में की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। स्वास्थ्य विभाग की टीम बहादुरगढ़ में छापा मारकर भ्रूण लिंग जांच करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी एजेंट और एक डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में बहादुरगढ़ थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। आरोपी बीस हजार रुपये लेकर अवैध तरीके से भ्रूण जांच करते थे। अल्ट्रासाउंड केंद्र की डॉक्टर ने बिना एफ फार्म भरे ही महिला की जांच की।
स्वास्थ्य विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि बहादुरगढ़ (झज्जर) में 20 हजार से 45 हजार रुपये लेकर अवैध तरीके से भ्रूण जांच होती है। इस सूचना पर सीएमओ डॉ. विरेंद्र यादव ने डिप्टी सीएमओ डॉ. जय प्रकाश और डॉ. हरीश कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया। टीम ने एक नकली ग्राहक रजनी को तैयार किया। महिला का पति सुरेंद्र (फर्जी ) ने एजेंट गुलाब सिंह से संपर्क किया। आरोपी गुलाब सिंह ने जांच के लिए बीस हजार रुपये सुरेंद्र से मांगे। सौदा होने पर टीम बहादुरगढ़ में पकौड़ा चौक पर रविवार की सुबह नौ बजे महिला और उसके पति को लेकर पहुंच गई। सुरेंद्र ने आरोपी गुलाब को बीस हजार रुपये देकर कार से आने के लिए कहा। इसके बाद आरोपी महिला को लेकर झज्जर रोड पर चल दिया। गुरुग्राम स्वास्थ्य विभाग की टीम ने झज्जर टीम को पूरे मामले की जानकारी दी और रेड में शामिल होने को कहा। इसके बाद आरोपी गुलाब सिंह महिला को लेकर शर्मा क्लिनिक, बाईपास बहादुरगढ़ ले गया। जहां पर डॉ. डीएन शर्मा (बीएएमएस) ने महिला की जांच के लिए कार्ड बनाया और जांच के लिए डॉ. प्रिया सोलंकी अल्ट्रासाउंड एंड डायग्नोस्टिक सेंटर मेट्रो पिलर 840 दिल्ली-रोहतक रोड ले गया। जहां पर डॉ. प्रिया सोलंकी ने महिला का अल्ट्रासाउंड किया। डॉक्टर ने जांच में बताया कि महिला को लड़का है। इसके बाद जैसे ही सुरेंद्र ने बाहर खड़ी टीम को इशारा किया, टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने गुलाब सिंह को हिरासत में ले लिया। टीम ने जांच में पाया कि डॉक्टर ने गर्भवती महिला की जांच के दौरान फार्म एफ नहीं भरा। इस बारे में पूछने पर डॉ. प्रिंया कोई ठोस जवाब नहीं दे सकी। टीम ने जांच में पाया कि सेंटर में कई फार्म एफ बिना डॉक्टर के साइन के पड़े हुए थे। टीम ने बीस हजार रुपये में से 16 हजार आरोपी गुलाब सिंह से बरामद किए। 2500 रुपये डॉ. प्रिया अल्ट्रासाउंड के कैश काउंटर से बरामद किए। जबकि, 500 रुपये डॉ. डीएन शर्मा के यहां से मिले। अन्य पैसे गुलाब सिंह ने खर्च कर दिए। डॉ. जय प्रकाश ने बताया कि आरोपी गुलाब सिंह और डॉ.डीएन शर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूरे मामले की जांच बहादुरगढ़ पुलिस कर ही है। अल्ट्रासाउंड केंद्र के बारे में भी स्थानीय टीम निर्णय लेगी।
-
गाजियाबाद में 15 मार्च को की थी कार्रवाई
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गाजियाबाद के लोनी में निजी मकानों में अल्ट्रासाउंड कर भ्रूण लिंग जांच करने पर गिरोह के सदस्यों को पकड़ा था।गुरुग्राम की गर्भवती महिलाएं भी भ्रूण लिंग जांच करा रही हैं। इस गिरोह पर शिकंजा कसने के लिए रजनी नामक महिला को डिकोय बनाया गया। गर्भवती रजनी ने बबीता से बात की तो भ्रूण जांच के लिए 20 हजार रुपये मांगे थे।गुरुग्राम स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत पीएनडीटी की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
-
पीएनडीटी एक्ट के मामले
साल- केस-लिंगानुपात
2020-12-921
2021-08-908
2022-15-925
2023-10-923