रेलवे विभाग ने स्टेशन पर तैयार की टेक्निकल बिड, पहले चरण में 295 करोड़ किए जाएंगे खर्च
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। गुड़गांव रेलवे स्टेशन के अपग्रेडेशन कार्य का जुलाई माह में शुरू होने की संभावना है। रेलवे विभाग ने स्टेशन पर टेक्निकल बिड तैयार कर ली है। वर्तमान में लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लगी होने के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं किया जा सकता। गुड़गांव रेलवे स्टेशन का अपग्रेडेशन दो चरणों में होगा। पहले चरण के निर्माण में 295 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं, दूसरे चरण में भी लगभग इतनी ही राशि खर्च होने का अनुमान है।
रेलवे की ओर से वर्ष-2023 में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत गुड़गांव रेलवे स्टेशन को देश के 500 स्टेशनों के साथ अपग्रेड की सूची में शामिल किया था। बीती 26 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से इसका शिलान्यास किया था। गुड़गांव रेलवे स्टेशन के लिए देश की आठ नामी कंपनियों को शॉर्ट लिस्ट किया गया है। फाइनेंशियल बिड के लिए अपग्रेडेशन करने वाली कंपनी का नाम फाइनल कर उसे निर्माण कार्य अलॉट किया जाएगा। गुड़गांव रेलवे स्टेशन का भवन नौ मंजिला होगा, जिसमें छह मंजिलें कामर्शियल गतिविधियों के लिए इस्तेमाल होंगी और तीन मंजिल पर रेलवे के कार्यालय आदि बनाए जाएंगे।
गुड़गांव रेलवे स्टेशन पर मिलेंगी सुविधाएं
इंडियन ग्रीन बिल्डिंग काउंसिल (आईजीबीसी) की प्लैटिनम रेटिंग के मानकों पर स्टेशन का अपग्रेडेशन किया जाएगा। गुड़गांव रेलवे स्टेशन पर प्रवेश व निकास के लिए अलग-अलग द्वार बनाए जाएंगे। यहां मल्टीलेवल पार्किंग बनाई जाएगी, जिसमें एक बेसमेंट, स्टिल्ट और चार मंजिला पार्किंग का निर्माण होगा। विश्व स्तरीय सुविधाओं के अनुरूप 20 लिफ्ट व 10 एस्केलेटर लगाने की योजना है। स्टेशन परिसर में फूड कोर्ट व गैलरी बनाई जाएगी।
वर्जन
गुड़गांव रेलवे स्टेशन के अधीक्षक शंकर लाल मीणा ने बताया कि स्टेशन अपग्रेडेशन के कार्य का शिलान्यास हो चुका है। चुनाव आचार संहिता के कारण अन्य प्रक्रियाएं अब जून के बाद ही शुरू हो पाएंगी। सभी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही रेलवे स्टेशन के अपग्रेडेशन का कार्य शुरू हो सकेगा।