संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सरकारी टेबलेट पर विद्यार्थी अब सोशल मीडिया का संचालन या कोई अन्य एप डाउनलोड नहीं कर पाएंगे। पूर्व में वितरित किए गए टेबलेट के एमडीएम (मोबाइल डिवाइस मैनेजमेंट) लेबल-3 के सॉफ्टवेयर को अब अपडेट कर दिया गया है। टेबलेट उपलब्ध कराने वाली सैमसंग कंपनी ने लेवल-10 सॉफ्टवेयर अपडेट किया है।
ई-अधिगम योजना के तहत सरकारी स्कूलों की 10वीं से 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को टेबलेट दिए गए हैं। इन टेबलेट के माध्यम से ऑनलाइन पढ़ाई भी कराई जा रही है। काफी विद्यार्थी इन टेबलेट में फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम सहित अन्य अतिरिक्त एप डाउनलोड करके सोशल मीडिया से जुड़ते हैं। ऐसे में ई-अधिगम योजना कार्यक्रम बाधित हो रहा है। टेबलेट में विद्यार्थियों द्वारा शिक्षा संबंधी सामग्री हटाकर सोशल मीडिया चलाने की शिकायत शिक्षा निदेशालय और प्रदेश सरकार के समक्ष भी पहुंची।
शिकायतों के बाद इन टेबलेट में सॉफ्टवेयर को अपडेट किया गया है। पहले टेबलेट में लेवल-3 का मोबाइल डिवाइस मैनेजमेंट (एमडीएम) चलाया गया था। ऐसे में विद्यार्थी टैबलेट में दूसरे एप या सॉफ्टवेयर डाउनलोड करके चला रहे थे। शिकायतों के बाद टेबलेट उपलब्ध कराने वाली सैमसंग कंपनी ने एमडीएम को लेवल-10 सॉफ्टवेयर अपडेट कर दिया है। सॉफ्टवेयर अपडेट होने के बाद अब विद्यार्थी अपनी मर्जी से अतिरिक्त एप डाउनलोड नहीं कर सकते। कंपनी के कर्मचारी भी टेबलेट के सॉफ्टवेयर पर निगाह रख रहे हैं और वे सभी टेबलेट के सॉफ्टवेयर को अधिक सुरक्षित करने की कार्रवाई में जुटे हैं, ताकि विद्यार्थियों की ऑनलाइन पढ़ाई सुचारू तौर पर चलती रहे।
जिला गणित विशेषज्ञ बलवान सिंह ने बताया कि टेबलेट में एमडीएम को अपडेट कर दिया गया है। टेबलेट में अब शिक्षा सामग्री के अलावा किसी अन्य एप या सॉफ्टवेयर को डाउनलोड नहीं किया जा सकेगा। अगर इसके बाद भी किसी विद्यार्थी के टेबलेट में इस तरह की शिकायत मिलती है तो संबंधित कंपनी को इस बारे में अवगत कराया जाएगा।