एल्विश ने आरोप को बेबुनियाद बताया
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। वजीराबाद के रहने वाले बिग बॉस ओटीटी-2 के विनर और यूट्यूबर एल्विश यादव सर्प विष के जाल में फंसते नजर आ रहे हैं। उन पर रेव पार्टी में सांपों की तस्करी का आरोप लगा है। इस मामले का खुलासा मेनका गांधी से जुड़ी आर्गनाइजेशन पीएफए ने स्टिंग ऑपरेशन से किया। पीएफए ने ही पुलिस में शिकायत भी की थी। वहीं नोएडा पुलिस ने इस मामले में 5 तस्करों को गिरफ्तार करने के साथ एल्विश सहित छह पर केस दर्ज कर लिया। दूसरी ओर एल्विश यादव ने एक वीडियो जारी करके खुद को निर्दोष बताया है। दूसरी ओर मामला दर्ज होने के बाद नोएडा पुलिस ने एल्विश की गिरफ्तारी के लिए गुरुग्राम पुलिस से संपर्क साधा है। पता चला है कि एल्विश काम के सिलसिले में मुंबई में है।
पीएफए की टीम ने स्टिंग ऑपरेशन चलाकर नोएडा के सेक्टर 49 में चल रही रेव पार्टी में रेड डालकर सांपों का जहर बरामद किया। पीएफए की सूचना पर पुलिस ने इस पार्टी से पांच लोगों को अरेस्ट कर एल्विश सहित छह पर केस दर्ज किया है। पुलिस द्वारा दर्ज की गई एफआईआर में एल्विश यादव को मुख्य आरोपी बनाया है। वहीं आरोप लगाए गए कि एल्विश यादव एनसीआर में सांपों की बाइट वाली हाई प्रोफाइल पार्टियां ऑर्गनाइज कराते थे।
नोएडा के फॉरेस्ट ऑफिसर प्रमोद श्रीवास्तव ने बताया कि सांप के जहर का इस्तेमाल रेव पार्टियों में नशे के लिए किया जाता है। यह एक यूट्यबर का गैंग है, जो इस तरह पार्टी कराता है। एल्विश की गिरफ्तारी से जुड़े सवाल पर नोएडा के डीसीपी विशाल पांडे ने कहा कि इसके लिए टीम लगी हुई है। जल्द ही एल्विश को गिरफ्तार किया जाएगा।
विवादों से रहा है एल्विश का नाता
गुरुग्राम। एल्विश यादव पहली बार चर्चा में उस समय आए थे जब जी-20 सम्मेलन के लिए शहर को सजाया जा रहा था। उस समय विदेशी मेहमानों के स्वागत में शहर में जगह-जगह फूलों के गमले रखे गए थे। एक लग्जरी कार में इन गमलों को चोरी करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर भी दर्ज की थी। बाद में पुलिस को पता चला था कि जिस कार को गमले चोरी करने में प्रयुक्त किया गया है, उसी कार में एल्विश यादव ने रील बना रखी थी। कुछ दिन पहले उसके वाट्सअप पर धमकी भरा संदेश आया था। जिसमें उससे गुजरात के रहने वाले व्यक्ति ने रंगदारी मांगी थी। मामला अभी थमा नहीं था कि यह घटना सामने आई है।
बिग बॉस ओटीटी-2 के विनर हैं एल्विश:
यूट्यूबर एल्विश यादव गुरुग्राम के वजीराबाद गांव के रहने वाले हैं। वह 25 साल के हैं। उनके पिता अध्यापक हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। एल्विश यादव ने अपनी पढ़ाई एमिटी इंटरनेशनल स्कूल से की है। उन्होंने दिल्ली के हंसराज कॉलेज से बीकॉम में ग्रेजुएशन किया। एल्विश यादव ने बिग बॉस ओटीटी-2 में बतौर वाइल्ड कार्ड एंट्री की और शो को जीतकर इतिहास रच दिया था। इसके बाद एल्विश फिल्म अभिनेत्री उर्वशी रौतेला के साथ एक एल्बम में नजर आए। को-कंटेस्टेंट मनीषा रानी के साथ भी उनका गाना रिलीज हुआ है। फिलहाल एल्विश बिग बॉस ओटीटी 2 फर्स्ट रनर अप अभिषेक मल्हान के साथ रियलिटी शो टेम्पटेशन आइसलैंड में पार्टिसिपेशन को लेकर चर्चा में हैं। एल्विश से हाल ही में एक करोड़ रुपये की फिरौती भी मांगी जा चुकी है। एल्विश करीब 40 करोड़ संपत्ति के मालिक हैं। गुरुग्राम में उनका 14 करोड़ का घर है। सोशल मीडिया पर चर्चा है कि उन्होंने दुबई में एक आलीशान घर और कार भी खरीदी है।
यूट्यूब-इंस्टाग्राम पर 30 मिलियन फॉलोअर्स
एल्विश यादव सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर हैं, उनके 14.5 मिलियन से ज्यादा सब्सक्राइबर्स हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 15.6 मिलियन फॉलोअर्स हैं। उन्होंने 2016 में यूट्यूब वीडियो बनानी शुरू की थी। जिस पर उसने जब फेमस बॉलीवुड स्टार्स को रोस्ट करना शुरू किया तो वह वायरल हो गया, इसके बाद उसके फॉलोअर्स तेजी से बढ़ते चले गए। उनका एल्विश यादव व्लॉग्स नाम से एक और यूट्यूब चैनल है, जहां उनके लगभग 7.5 मिलियन सब्सक्राइबर हैं।
-
पिता ने भी बताया बेटे को बेगुनाह
वजीराबाद गांव के रहने वाले मास्टर राम अवतार यादव बताते हैं कि उनका बेटा एल्विश बेगुनाह है। उस पर आरोप लगाने वालों को जांच के बाद सब कुछ पता चल जाएगा। एल्विश के पिता सोहना में अध्यापक हैं। अमर उजाला से बातचीत में कहा कि उनका बेटा मुंबई में अपने काम के सिलसिले में है। एल्विश ने पिता को फोन कर बताया कि उसके बारे में सोशल मीडिया पर जो चल रहा है सब गलत है। वह बिल्कुल ठीक है। उसने सोशल मीडिया पर अपना पक्ष रखने की बात कही है।
बेबुनियान हैं आरोप : एल्विश
सोशल मीडिया पर एल्विश यादव ने वीडियो जारी करके अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताया है। जारी वीडियो में एल्विश का कहना है कि वे पुलिस को पूरा सहयोग करने को तैयार हैं। इस प्रकरण में उनकी एक पर्सेंट भी संलिप्तता मिलती है तो वे जिम्मेदारी लेने के लिए तैयार हैं। जो भी आरोप उन पर लग रहे हैं कि उनसे उनका कोई लेना देना नहीं।
-
हरियाणा के सीएम पर कटाक्ष
इस पूरे प्रकरण को लेकर दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने एक्स पर हरियाणा के सीएम मनोहर लाल पर कटाक्ष किया है। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर लिखा है कि इस आदमी को हरियाणा के सीएम मंच से प्रमोट करते हैं। एक तरफ देश के लिए पदक जीतने वाले साक्षी मलिक व बजरंग पूनिया जैसे टैलेंट सड़कों पर डंडे खाते हैं और हरियाणा सरकार ऐसे लोगों को प्रमोट करती है। उनका आरोप है कि एल्विश की वीडियो में लड़कियों पर अश्लील टिप्पणियां मिलेंगी, गाली गलौज दिखेगी। वोट के लिए नेता कुछ भी कर सकते हैं।