-9 हजार से अधिक लोग देंगे परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम।
साक्षरता को बढ़ावा देने के लिए शिक्षा विभाग आज उल्लास नव भारत साक्षरता परीक्षा का आयोजन करेगा। यह परीक्षा राज्य के सभी स्कूलों में आयोजित होगी। जिले में इस परीक्षा के लिए नौ हजार से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया है। यह परीक्षा आज सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए जिले के विभिन्न सामाजिक चेतना केंद्रों और विद्यालयों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, ताकि उन्हें अपने नजदीकी स्थान पर ही परीक्षा देने का अवसर मिल सके। संबंधित स्कूलों के प्रधानाचार्य या मुख्याध्यापक परीक्षा अधीक्षक के रूप में कार्य करेंगे, जबकि एक निरीक्षक पर लगभग 50 शिक्षार्थियों की जिम्मेदारी होगी। परीक्षा में प्रतिभागियों की पढ़ने, लिखने और बुनियादी गणना (न्यूमेरसी) से जुड़ी क्षमताओं का आकलन किया जाएगा। परीक्षा समाप्त होने के बाद उसी दिन परीक्षा केंद्र पर ही मूल्यांकन किया जाएगा, ताकि परिणाम जल्द तैयार किए जा सके। सफल अभ्यर्थियों को राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) बेसिक साक्षरता प्रमाण पत्र प्रदान करेगा।