अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। डीएलएफ फेज-2 क्षेत्र में दो महिलाओं द्वारा ऑटो में बैठी राजकीय एएनएम ट्रेनिंग सेंटर की प्रिंसिपल के पर्स से 60,000 रुपये चोरी करने का मामला सामने आया है। प्रधानाचार्य की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सोनीपत के गन्नौर निवासी कमला सिंह ने कहा कि वे मांडीखेड़ा नूंह स्थित राजकीय एएनएम ट्रेनिंग सेंटर की प्रिंसिपल हैं। वह गत दिवस बाद दोपहर इफ्को चौक से एमजी मेट्रो स्टेशन के लिए ऑटो में बैठी थीं। कुछ ही दूर चलने के बाद ऑटो में दो महिलाएं और बैठ गई। एमजी रोड मेट्रो स्टेशन आने पर कमला सिंह उतर गई। जब वे मेट्रो स्टेशन में प्रवेश कर रही थी तो उनकी नजर पर्स पर गई, जिसकी आधी चेन खुली हुई थी। उन्होंने पर्स देखा तो उसमें रखे 60,000 रुपये गायब थे। ये रुपये नर्सिंग के छात्रों की किताबों के लिए छात्रों ने दिए थे। ऑटो में बैठी दोनों महिलाओं ने ही उनके पर्स में हाथ साफ किया है।