गुरुग्राम। जुर्माना राशि न भरने पर यातायात पुलिस ने दो वाहनों को रविवार को जब्त कर लिया है। यातायात पुलिस द्वारा लगातार ऐसे वाहनों की पहचान की जा रही है जिन्होंने 90 दिन से अधिक समय से जुर्माने का भुगतान नहीं किया है। यातायात निरीक्षक रामकिशन रविवार को वाहनों की जांच कर रहे थे। इस दौरान मोटरसाइकिल चालक देवम सक्सेना पर 50 चालान लंबित पाए गए। इसमें से मुख्य रूप से बिना हेलमेट के वाहन चलाना, वाहन का बीमा न कराना, प्रदूषण न कराने के साथ ही रेड लाइट तोड़ना शामिल है। चालक पर 3.68 लाख रुपये का जुर्माना लंबित था। अग्रसेन चौक पर उप निरीक्षक सुदेश ने ट्रक की जांच की गई तो उस पर 42 चालान लंबित पाए गए। इसमें बीमा-प्रदूषण न होना, सीट बेल्ट न लगाना, नो एंट्री, गलत दिशा में वाहन चलाना शामिल है। चालक पर 5.48 लाख रुपये का जुर्माना लंबित था। दोनों वाहनों पर चालान हुए 90 दिन से अधिक हो गए है और चालक ने जुर्माना राशि का भुगतान नहीं किया है। ऐसे में दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया। संवाद