संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। दिल्ली से गुजरने वाली यमुना नदी में पानी उफान के कारण रेलवे विभाग ने विभिन्न रूटों की ट्रेनों को रद्द कर दिया है। वहीं कई ट्रेनों के रूट में बदलाव किया गया है। विभाग ने सोमवार को दिल्ली-रेवाड़ी रूट पर चलने वाली दो पैसेंजर ट्रेनों को रद्द करने के साथ ही छह एक्सप्रेस ट्रेनों को दूसरे रास्तों पर चलाकर गंतव्य तक पहुंचाया। आगामी आदेश तक उक्त ट्रेन रद्द रहेंगी और बदले हुए रूटों पर संचालित होंगी। इससे गुरुग्राम स्टेशन से इन ट्रेनों में सफर करने वाले हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पडे़गा।
दिल्ली रेवाड़ी रूट पर चलने वाली ट्रेन नंबर-04470 दिल्ली रेवाड़ी डीएमयू स्पेशल एक्सप्रेस और ट्रेन नंबर-04500 रेवाड़ी दिल्ली डीएमयू स्पेशल एक्सप्रेस को रद्द किया गया है। दोनों ट्रेनों के रद्द होने के कारण यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। उत्तर पश्चिमी रेलवे के सीपीआरओ कैप्टन शशि किरण ने बताया कि दिल्ली स्थित तिलक ब्रिज पर बारिश के कारण जलभराव से ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है। जिस कारण कुछ ट्रेनों को रद्द किया है। वहीं कुछ ट्रेनों के रूट बदले गए हैं।
रेलवे विभाग की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार ट्रेन नंबर-19031 अहमदाबाद योग नगरी ऋषिकेश योगा एक्सप्रेस सराय रोहिल्ला नई दिल्ली-साहिबाबाद होकर चलाई जाएगी। ट्रेन नंबर-19610 ऋषिकेश उदयपुर एक्सप्रेस नोली ए पैनल, नई दिल्ली और सराय रोहिल्ला वाले रूट पर संचालित होगी। ट्रेन नंबर-14662 जम्मूतवी बाड़मेर एक्सप्रेस साहिबाबाद नई दिल्ली-सराय रोहिल्ला वाले रास्ते से संचालित होगी। ट्रेन नंबर-15014 काठगोदाम जैसलमेर रानीखेत एक्सप्रेस और ट्रेन नंबर-14321 बरेली भुज एक्सप्रेस भी साहिबाबाद नई दिल्ली-सराय रोहिल्ला वाले रास्ते से संचालित होगी। ट्रेन नंबर-14646 शालीमार एक्सप्रेस सहारनपुर की बजाय पानीपत-कुरुक्षेत्र वाले रूट पर संचालित होते हुए अंबाला जाएगी।