कंप्यूटर और ईमेल हैक कर मांगे 2 हजार डॉलर के बिटक्वाइन
गुरुग्राम। सेक्टर-15 निवासी एक व्यक्ति का ईमेल व कंप्यूटर हैक कर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने ईमेल भेजकर 2 हजार यूएस डॉलर के बिटक्वाइन की मांग की है। न देने पर पीड़ित की पर्सनल वीडियो व फोटो उसके परिचितों के नंबर पर भेजने की धमकी दी गई है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर अपराध थाना प्रभारी विवेक कुंडू ने बताया कि मामले की जांच कर हैकर का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। शिकायतकर्ता के मुताबिक एक मई की सुबह 5 बजे उसे एक ईमेल आया। ईमेल भेजने वाले ने लिखा कि उसके पास पीड़ित के कंप्यूटर का पासवर्ड है। उसने उसका पासवर्ड ईमेल में लिखकर भी भेजा। उसने बताया कि उसने ईमेल के साथ ही कंप्यूटर का सारा डाटा हैक कर लिया है। उसके पास पीड़ित के सभी परिचितों के नंबरों की सूची भी है। धमकी दी कि कंप्यूटर का वेबकैम हैक कर पीड़ित की कुछ पर्सनल वीडियो अपने पास रख ली है, अगर उसने बिटक्वाइन में 2 हजार यूएस डॉलर नहीं दिए, तो वीडियो लीक कर देगा। ब्यूरो