गुरुग्राम। खाद्य और औषधि प्रशासन (एफडीए) ने नकली टेल्मा-एएम टैबलेट मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया। टीम ने उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के तहसील रुड़की के मोहम्मदपुर जाट निवासी विपिन कुमार को 21 सितंबर को गिरफ्तार किया। उस पर नकली टैबलेट की सप्लाई और निर्माण से जुड़े होने का आरोप है। इसके बाद उत्तराखंड के जिला उधम सिंह नगर निवासी प्रदीप कुमार को 25 सितंबर की रात को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को 26 सितंबर को सक्षम न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने विपिन कुमार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया, जिसके बाद उसे भोंडसी जेल भेजा गया है। वहीं, प्रदीप कुमार को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है। संवाद