गुरुग्राम। जिले में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवती सहित दो लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया। पुलिस ने दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हिसार निवासी रितु 30 अक्तूबर की सुबह करीब 9 बजे उद्योग विहार फेज-1 में अपनी कंपनी जा रही थी। तभी एक वैगनआर कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से रितु सड़क पर गिर गई। कार का टायर उसके दाएं पैर पर चढ़ गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। दूसरे मामले में, भोंडसी निवासी अमन 31 अक्तूबर की सुबह करीब 6 बजे राजीव चौक से गुरुग्राम-सोहना एलिवेटेड रोड पर जा रहा था। एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में अमन घायल हो गया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि युवती को टक्कर मारने वाली कैब के नंबर के आधार पर चालक की पहचान की जा रही है। जल्द ही चालक को गिरफ्तार करके आगामी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, राजीव चौक के पास बाइक को टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। ब्यूरो