तावडू। उपमंडल अंतर्गत खोरी खुर्द राजकीय माध्यमिक विद्यालय में जेबीटी शिक्षक जयपाल की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने करीब 10 दिन बाद बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी स्कूल प्रिंसिपल सुमन शर्मा और पीटीआई शिक्षक महेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है। दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 3 मई को जयपाल ने स्कूल में ड्यूटी के दौरान जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी। उपचार के दौरान उनकी अस्पताल में मृत्यु हो गई। जयपाल ने आत्महत्या से पहले आठ पन्नों का सुसाइड नोट लिखा था, जिसमें उन्होंने स्कूल स्टाफ पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए थे। मृतक के भाई के बयान के आधार पर सदर थाना पुलिस ने आठ आरोपियों, जिनमें स्कूल प्रिंसिपल और अन्य शिक्षक शामिल थे, के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में कई छापे मारे और सोमवार को सुमन शर्मा और महेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में छापा मारकर कार्रवाई कर रही है। संवाद