एक ने सिम पहुंचाई ,दूसरे ने अपने नाम पर निकलवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जेल में बंद चचेरे भाई को सिम कार्ड पहुंचाने के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-31 की टीम ने दो युवकों को बुधवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक आरोपी को जयपुर से और दूसरे को रेवाड़ी से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार हुए आरोपियों की पहचान जयपुर निवासी विशाल व रेवाड़ी निवासी प्रवीण के रूप में हुई है।
आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि आरोपी प्रवीण के ताऊ का लड़का नवीन एक मामले में भोंडसी जेल में बंद है। पहले उसने विशाल की आईडी पर एक सिम निकलवाई। इसके बाद उसने वह सिम उसे जेल में पहुंचाई। 30 अगस्त को भोंडसी जेल में जांच के दौरान तीन बंदियों के पास एक मोबाइल,चार्जर और इयरफोन मिले थे। इस पर उप अधीक्षक जेल की शिकायत पर भोंडसी थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया था। इसी मामले में कार्रवाई करते हुए अपराध शाखा ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया ।