सोहना। भीम बाग से अगवा ढाई साल की बच्ची को पुलिस ने फरीदाबाद के आलमपुर गांव से सकुशल ढूंढ लिया है। भीम बाग क्षेत्र निवासी शिव मूर्ति उर्फ संदीप अपनी पत्नी और ढाई साल की बेटी के साथ रहते है। रविवार देर रात करीब 12 बजे मौसम खराब होने पर संदीप की पत्नी और वह सामान इधर-उधर रख रहे थे। थोड़ी देर बाद जब उनकी पत्नी कमरे में लौटी, तो उन्हें बेटी कमरे में नहीं मिली। दंपती ने तुरंत बच्ची की तलाश शुरू की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटना की सूचना मिलते ही सोहना पुलिस ने खोजबीन शुरू की। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक अज्ञात युवक बच्ची को साथ ले जाते हुए दिखा। पुलिस ने आरोपी की तस्वीरें आसपास के क्षेत्रों में दिखाकर लोगों से पूछताछ शुरू की। कुछ समय बाद फरीदाबाद के आलमपुर गांव से पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक एक बच्ची के साथ संदिग्ध हालत में देखा गया है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए फरीदाबाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मासूम को आरोपी युवक से मुक्त कराया और उसे गिरफ्तार कर लिया। संवाद